अन्य ख़बरें

CG – अमलडीहा में गौरी-गौरा महोत्सव धूमधाम से संपन्न, शिव-पार्वती विवाह की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र पढ़े पूरी ख़बर

मस्तूरी//अमलडीहा में इस वर्ष भी गौरी-गौरा पर्व को पूरी श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। दीपावली के एक सप्ताह पहले से शुरू हुई तैयारियों के बाद दीपावली की रात गौरी-गौरा की स्थापना हुई और गोवर्धन पूजा के दिन सुबह विधि-विधान के साथ तालाब में विसर्जन किया गया।

फूल कूटने की परंपरा से हुई शुरुआत…

गौरी-गौरा पर्व की शुरुआत छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार फूल कूटने से हुई। महिलाओं ने गाजे-बाजे और पारंपरिक गीतों के साथ गौरा चौरा में एकत्र होकर फूल कूटने की रस्म निभाई। इस दिन से लेकर दीपावली तक रोज शाम को पूजा होती रही, जिसमें पूरे मोहल्ले और गांव का सहयोग रहा।

परंपरा के अनुसार भगवान के स्थल से मिट्टी लाने के लिए बाजे-गाजे के साथ मंदिर जाया जाता है। वहां से मिट्टी और फूल लाकर उसे कूटकर भगवान गौरी-गौरा की मूर्ति बनाई जाती है। e4b5

तालाब की मिट्टी से बनी प्रतिमा, लक्ष्मी पूजा के बाद स्थापना…

लक्ष्मी पूजा के दिन दोपहर में गांव के तालाब से मिट्टी लाई गई। इसी चूल माटी से अलग-अलग स्थानों पर गौरा (भगवान शिव) और गौरी (माता पार्वती) की मूर्तियां बनाई गईं। दीपावली की रात लक्ष्मी पूजा के बाद गौरी-गौरा की स्थापना कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

कुंवारी लड़कियों ने सिर पर कलश रखकर गांव का भ्रमण किया। टोकरीनुमा कलश में दूध में उबाले गए चावल के आटे से बना प्रसाद रखा गया, जिसे दूधफरा कहा जाता है। इसमें घी-तेल का उपयोग नहीं किया जाता। यही पकवान गौरी-गौरा को भोग लगाया गया, जिसे दूसरे दिन सभी ने ग्रहण किया।

रात भर चला शिव-पार्वती विवाह…

गौरी-गौरा पर्व का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा गौरा की बारात। ग्रामीणों ने गौरा की ओर से गौरी के घर बारात लेकर जाने की परंपरा निभाई। गौरी पक्ष के लोगों ने बारात का स्वागत किया। इसके बाद रात भर विवाह की पूरी रस्में निभाई गईं और गौरी-गौरा को गौरा चौरा में रखा गया।

रात भर जसगीत, मांदर, मंजीरा और सुआ नृत्य की प्रस्तुति होती रही। बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक सभी पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते नजर आए।

सुबह निकली भव्य शोभायात्रा, सोंटा परंपरा भी निभाई गई…

गोवर्धन पूजा के दिन सुबह गौरी-गौरा को पारंपरिक रूप से गांव में घुमाया गया। जगह-जगह लोगों ने भगवान की पूजा-अर्चना की। इस दौरान युवाओं ने सोंटा मारने की परंपरा भी निभाई। ऐसी मान्यता है कि हाथों पर सोंटा खाने से सुख-समृद्धि आती है।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। मांदर-ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए तालाब तक पहुंचे। छत्तीसगढ़ के अन्य गांवों की तरह ही अमलडीहा में भी विसर्जन यात्रा में पूरे गांव की भागीदारी देखने को मिली।

तालाब में हुआ भावभीना विसर्जन…

अंत में विधि-विधान के साथ गौरी-गौरा की प्रतिमाओं का गांव के तालाब में विसर्जन किया गया। विसर्जन के समय श्रद्धालुओं ने “जय गौरा-गौरी” के जयकारे लगाए। महिलाओं ने आंखों में आंसू लिए गौरी को विदा किया, तो वहीं सभी ने अगले वर्ष फिर से आने की कामना की।

क्यों खास है यह पर्व?

गौरी-गौरा पूजा भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के प्रतीक के रूप में मनाई जाती है। यह पर्व छत्तीसगढ़ के गोंड़ आदिवासी समाज का सबसे प्रमुख पर्व माना जाता है।

इस पूरे परंपरा में एक खास बात यह भी है कि मिट्टी लाने से लेकर विसर्जन तक का काम पुरुष करते हैं और भगवान की सेवा महिलाएं करती हैं।

गाँव वालों का कहना है कि यह पर्व सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि गांव की एकता, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। दीपावली की रौनक गौरी-गौरा के बिना अधूरी लगती है।

Related Articles

Back to top button