CG-सेवा सहकारी समिति में 3.38 लाख का फर्जीवाड़ा, बैंक कैशियर और लेखापाल समेत 3 गिरफ्तार…

डेस्क : बिलासपुर में सहकारी बैंक से जुड़ा 3 लाख 38 हजार रुपए का फर्जीवाड़ा सामने आया है। बिल्हा सेवा सहकारी समिति में चेक से छेड़छाड़ कर राशि बढ़ाई गई और फिर बैंक से अतिरिक्त रकम निकाल ली गई। मामले में बैंक कर्मचारियों और समिति के पदाधिकारी की कथित मिलीभगत सामने आने के बाद बिल्हा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चेक में छेड़छाड़ का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिल्हा में फर्जी चेक के जरिए अतिरिक्त राशि निकालने की शिकायत की जांच (Bilaspur Bank Fraud Case) की गई। इस दौरान चेक और समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में छेड़छाड़ किए जाने का खुलासा हुआ। आरोप है कि आपराधिक षड्यंत्र के तहत चेक में कूटरचना कर 3 लाख 38 हजार रुपए का अतिरिक्त आहरण कराया गया।
कैशियर और अकाउटेंट समेत 3 गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में बैंक कैशियर ऋषिकेश पाण्डेय और लेखापाल संजय सिंह बघेल को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा सेवा सहकारी समिति गुमा क्रमांक 63 के प्राधिकृत अधिकारी और सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह को भी गिरफ्तार किया गया है।
पहले बैंक सुपरवाइजर और ब्रैंच मैनेजर हो चुके गिरफ्तार
पुलिस का दावा है कि मामले के प्रार्थी राजकुमार बरगाह की भी जांच में फर्जीवाड़े में संलिप्तता सामने आई है। इससे पहले बैंक सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को भी गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद दोनों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
BNS की धाराओं में कार्रवाई, जांच जारी
मामले (Bilaspur Bank Fraud Case) में फिलहाल, बिल्हा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



