छत्तीसगढ़

CG- कमर में चाकू लेकर 8 दिन तक घूमता रहा युवक, एक्स-रे रिपोर्ट देख डॉक्टर भी रह गए हैरान, आरोपी गिरफ्तार….

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात ने सरकारी अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में 22 वर्षीय विवेक साहू पर चाकू से हमला किया गया था। इस दौरान चाकू का करीब 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा उसकी कमर में ही फंसा रह गया। हैरानी की बात यह है कि सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने घाव पर टांके लगाकर उसे रेफर कर दिया, लेकिन चाकू का टुकड़ा शरीर से नहीं निकाला गया। करीब 8 दिन बाद एक्स-रे कराने पर इस लापरवाही का खुलासा हुआ। वहीं, पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की रात की है। डोंगरगढ़ में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी शुरू हो गई।

इस घटना में 22 वर्षीय विवेक साहू और टिल्लू मांडवी घायल हो गए। अगले दिन यानी 11 नवंबर की सुबह दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ लाया गया था। विवेक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात उपचार के दौरान सामने आई कथित लापरवाही है। हमले में विवेक की कमर में चाकू का करीब 2 से 3 इंच का हिस्सा टूटकर फंसा रह गया था। सरकारी अस्पताल में उसके घाव पर टांके लगाए गए और उसे रेफर कर दिया गया, लेकिन शरीर के अंदर फंसे चाकू के टुकड़े का पता नहीं चल पाया।योजनाएं खोजें

करीब आठ दिन तक युवक की कमर में चाकू का टुकड़ा मौजूद रहा। बाद में एक्स-रे कराने पर इसका खुलासा हुआ।

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को निजी अस्पताल में उपचार के दौरान विवेक की कमर में फंसे चाकू के टुकड़े को बाहर निकाला गया। इसके बाद सरकारी अस्पताल में शुरुआती उपचार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब चाकूबाजी में घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, तब उपचार और जांच के दौरान शरीर में फंसे चाकू के हिस्से का पता क्यों नहीं चला?

घटना के बाद घायल विवेक साहू के पिता संजय साहू की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पुलिस ने चाकूबाजी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस की कार्रवाई के तहत आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।

Related Articles

Back to top button