धमतरीनगरीबेलरगांव

बेलरगांव में चला प्रशासन का बुलडोजर, दो मकानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई..!

धमतरी नगरी बेलरगांव। ग्राम बेलरगांव में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने सोमवार को जेसीबी की मदद से हटाया। बताया गया कि जमीन विवाद से जुड़े मामले में तहसील स्तर पर फैसला होने के बाद संबंधित पक्ष की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिया गया था। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, मामले में अंजू लता साहू, सुमित्रा यादव एवं मनेद साहू की ओर से अपर कलेक्टर के समक्ष अपील प्रस्तुत की गई थी, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद संबंधित पक्ष ने तहसीलदार के समक्ष आवेदन देकर अपनी जमीन के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की थी।

आवेदन के आधार पर तहसीलदार अखिलेश लहरे के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान सिहावा थाना प्रभारी टीआई बाघा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। आरआई, पटवारी, कोटवार सहित अन्य कर्मचारी भी मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी से सड़क किनारे बने मकान, दीवार और दुकानों के अस्थायी निर्माण को हटाया गया।

कार्रवाई से प्रभावित परिवारों ने उठाए सवाल

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पंकज और सुमित्रा यादव का कहना है कि सड़क किनारे क्षेत्र में अन्य निर्माण भी मौजूद हैं, ऐसे में केवल उनके मकान और दुकानों को ही हटाने की कार्रवाई क्यों की गई।

सुमित्रा यादव के अनुसार, कार्रवाई के दौरान वे मौके पर मौजूद नहीं थीं और जिस स्थान पर दुकान संचालित होती थी, उसे हटाए जाने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्षता से पूरे मामले की जांच की मांग की है।

फिलहाल एक ओर प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई संबंधित आवेदन एवं तहसील स्तर पर हुए फैसले के आधार पर की गई, वहीं प्रभावित परिवार कार्रवाई की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। मामले को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button