धमतरी

आईटीआई मेघा में औद्योगिक प्रशिक्षण शुरू,इलेक्ट्रिशियन व सोलर टेक्नीशियन के युवाओं को मिलेगा 150 घंटे का ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण..!

धमतरी। जिले के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष बनाने तथा उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), मेघा में औद्योगिक प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है। इसके तहत इलेक्ट्रिशियन एवं सोलर टेक्नीशियन ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार 150-150 घंटे का ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (कार्यस्थल आधारित प्रशिक्षण) दिया जा रहा है। वर्तमान में 34 युवक एवं 4 युवतियों सहित कुल 38 प्रशिक्षणार्थी इस प्रशिक्षण में शामिल हुए हैं।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यस्थल पर व्यवहार में उतारने का अवसर मिल रहा है। साथ ही वे आधुनिक विद्युत तकनीकों, सौर ऊर्जा प्रणालियों, उपकरणों के संचालन, तकनीकी रखरखाव एवं औद्योगिक कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उद्योगों के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणार्थियों को कार्यस्थल के अनुशासन, सुरक्षा मानकों और तकनीकी प्रक्रियाओं से भी परिचित कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस पहल के तहत इलेक्ट्रिशियन एवं सोलर टेक्नीशियन ट्रेड के कुल 60 प्रशिक्षणार्थियों को 150-150 घंटे का औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। इसके लिए गत 24 अक्टूबर को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), मेघा और सद्भाव रिन्यूएबल्स लिमिटेड, रायपुर के मध्य कौशल प्रशिक्षण के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया था। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा की उपस्थिति में हुए इस समझौते पर आईटीआई मेघा की प्राचार्य सुश्री भूमिका साहू तथा सद्भाव रिन्यूएबल्स लिमिटेड की ओर से श्री ललित नाहटा ने हस्ताक्षर किए थे।

वर्तमान समय में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से बढ़ते अवसरों को देखते हुए सोलर टेक्नीशियन एवं इलेक्ट्रिशियन ट्रेड का विशेष महत्व है। घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों में सौर ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना, संचालन एवं रखरखाव के लिए प्रशिक्षित तकनीकी मानव संसाधन की मांग बढ़ रही है। ऐसे में यह प्रशिक्षण युवाओं को उभरते रोजगार क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक होगा।

औद्योगिक प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षणार्थियों को संबंधित तकनीकी क्षेत्रों में अपनी दक्षता और कार्यानुभव के आधार पर रोजगार के अवसर तलाशने के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय अथवा सेवा केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी मार्गदर्शन मिलेगा।

आईटीआई और उद्योग के बीच यह समन्वय कौशल विकास को व्यावहारिक जरूरतों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे युवाओं को केवल प्रमाणपत्र आधारित प्रशिक्षण तक सीमित न रहकर वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव प्राप्त होगा तथा वे बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी कार्यक्षमता विकसित कर सकेंगे। जिले में उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी यह पहल उपयोगी साबित होगी।

Related Articles

Back to top button