धमतरी

मराठापारा-बांसपारा में हथियारों के साथ दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, एक और आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। शहर के मराठापारा और बांसपारा क्षेत्र में हथियारों से लैस होकर दहशत फैलाने वाले नकाबपोश गिरोह के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी सौरभ हिरवानी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच मराठापारा और बांसपारा की गलियों में करीब 15 से 20 नकाबपोश युवक एकत्र हुए थे। आरोप है कि उनके हाथों में तलवार, चाकू, रॉड, लाठी-डंडे सहित अन्य हथियार थे। युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए घरों के दरवाजे तथा दुकानों के शटरों को पीटा, जिससे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया।

मामले की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मामले में पहले भी आरोपी नोमेश पटेल सहित अन्य आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध कार्रवाई की थी। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सौरभ हिरवानी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ हिरवानी, पिता घनश्याम हिरवानी, उम्र 20 वर्ष, निवासी रामबाग सब्जी मार्केट, धमतरी के रूप में हुई है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button