CG- इश्क में खूनी खेल! प्रेमिका को गैर मर्द के साथ देख भड़का प्रेमी, गला घोंटकर की हत्या, राज खुलने के डर से खुद भी की खुदकुशी की कोशिश…..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में प्रेम संबंधों से जुड़ा हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंतोरा चौकी क्षेत्र के अंगारखार गांव में एक शादीशुदा प्रेमी ने अपनी 45 वर्षीय प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने प्रेमिका को किसी दूसरे युवक के साथ देख लिया था, जिसके बाद वह गुस्से में आ गया और वारदात को अंजाम दे दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। वहीं, घटना के बाद खुद भी जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। फिलहाल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अंगारखार गांव की रहने वाली 45 वर्षीय धनेश्वरी बाई के पति की मौत उसकी शादी के कुछ समय बाद ही हो गई थी। वह अपने बच्चों के साथ गांव में ही रह रही थी। वहीं गांव का ही रहने वाला 51 वर्षीय शिवचरण यादव भी शादीशुदा है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहे थे।
बीते रविवार को शिवचरण ने धनेश्वरी को किसी अन्य युवक के साथ देख लिया। इस बात को लेकर तीनों के बीच जमकर विवाद शुरू हुआ। हंगामा बढ़ने के बाद दूसरा प्रेमी मौके से चला गया, जिसके बाद गुस्से में अंधे हो चुके शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी। किसी को शक न हो, इसलिए उसने शव को गांव के पास एक नल के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया और अपने घर लौट गया।
घटना के दो दिनों तक जब धनेश्वरी घर और गांव में नहीं दिखी, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। जब काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला, तो गांव में एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में शिवचरण पर भी संदेह जताया गया। ग्रामीणों ने उसे बुलाकर महिला के बारे में पूछताछ की, लेकिन शातिर प्रेमी ने कुछ भी जानकारी होने से इंकार कर दिया और वहां से चला गया।
घर लौटने के बाद शिवचरण का जमीर जाग उठा या उसे पोल खुलने का डर सताने लगा। उसने अपने बेटे दुर्गेश यादव को बताया कि, उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है। इसके बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसकी तलाश की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। उसने जहर खा लिया था। परिजन उसे कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया।
अस्पताल में जहर खाने की सूचना मिलने पर पंतोरा चौकी पुलिस ने वहां पहुंचकर शिवचरण से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और महिला का शव नल के पास झाड़ियों में छिपाए जाने की बात बताई। आरोपी की निशानदेही पर बुधवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धनेश्वरी बाई का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

