धमतरी

मगरलोड से चोरी बाइक रायपुर में मिली, आरोपी गिरफ्तार: शराब दुकान के बाहर से उड़ाई थी मोटरसाइकिल; बेचने की फिराक में भनपुरी चौक पहुंचा था..!

धमतरी/मगरलोड। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल को धमतरी पुलिस ने रायपुर से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेम दुबे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चोरी की बाइक को आरोपी रायपुर में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, तभी खमतराई पुलिस ने उसे भनपुरी चौक के पास पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भरदा निवासी जालम सिंह साहू 10 नवंबर 2026 की शाम अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 से देशी शराब दुकान गया था। उसने बाइक दुकान के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला, जिसके बाद उसने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

रायपुर में बेचने की फिराक में था आरोपी

विवेचना के दौरान 24 नवंबर को थाना खमतराई, रायपुर पुलिस से मगरलोड पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति भनपुरी चौक के पास ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को चोरी की बाइक समेत पकड़ लिया। इसके बाद मगरलोड पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और आरोपी को मोटरसाइकिल सहित अभिरक्षा में लेकर मगरलोड थाने लाई।

जेब की चाबी लगाते ही स्टार्ट हो गई बाइक

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेम दुबे ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मुताबिक वह 10 नवंबर को बस से मगरलोड आया था। ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के पास खड़ी बाइक को देखकर उसने अपनी जेब में रखी चाबी लगाई, जिससे मोटरसाइकिल चालू हो गई।

इसके बाद वह बाइक लेकर रायपुर चला गया। पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने बाइक का अगला हिस्सा यानी वाइजर और टंकी क्षतिग्रस्त कर दी थी।

15 हजार रुपये की बाइक बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये है, बरामद कर विधिवत जब्त कर ली।

मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी प्रेम दुबे को 25 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरुद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी…प्रेम दुबे, पिता स्व. रमेश दुबे, निवासी फाफाडीह चौक, फोकटपारा, थाना देवेन्द्र नगर, जिला रायपुर, छत्तीसगढ़।

पुलिस की अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और हमेशा हैंडल लॉक के साथ अतिरिक्त सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वाहन चोरी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button