धमतरीनगरी

गोवर्धन पूजा महोत्सव में उमड़ा यादव समाज का जनसैलाब, 125 गांवों से पहुंचे समाजजन, राउत नृत्य और कृष्ण झांकी ने बांधा ऐसा समां कि देखते रह गए लोग..!

सिहावा के गोवर्धनभाठा में भव्य आयोजन, राउत नृत्य, कलश यात्रा और कृष्ण झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

नगरी/धमतरी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिहावा के कर्णेश्वर घाट स्थित गोवर्धनभाठा में यादव समाज द्वारा पारंपरिक गोवर्धन पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़े इस आयोजन में सिहावा क्षेत्र के करीब 125 गांवों के यादव समाजजन सहित ओडिशा, देवभोग, कांकेर, गरियाबंद, बस्तर और धमतरी जिले से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

पूरे गोवर्धनभाठा परिसर में सुबह से ही उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे समाजजनों ने पूजा-अर्चना के साथ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया।

राउत नृत्य ने बांधा समां

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण पारंपरिक राउत नृत्य रहा। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे कलाकारों ने ढोल-मांदर की थाप पर शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं यादव समाज की माताओं और बहनों ने भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसने आयोजन की धार्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया।

बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की गई। झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

विधि-विधान से हुई गोवर्धन पूजा

समाज की पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गौमाता को खिचड़ी खिलाने और गोवर्धन खुदवाने की पारंपरिक रस्म निभाई गई। इस दौरान समाजजनों ने अपनी लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव, जनपद सभापति राजेश नाथ गोसाई सहित नंदलाल यादव, नर्सिंग मरकाम, शैलेंद्र धनुसेवक और अन्य जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आयोजन ने न केवल यादव समाज की धार्मिक आस्था को प्रदर्शित किया, बल्कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति और सामाजिक एकता की मजबूत तस्वीर भी प्रस्तुत की। बड़ी संख्या में समाजजनों की मौजूदगी ने गोवर्धन पूजा महोत्सव को यादगार बना दिया।

Related Articles

Back to top button