नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब बस्तर को स्वावलंबी बनाने की तैयारी,5 लाख परिवारों की आय बढ़ाने का लक्ष्य। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की, पांच वर्षों में प्रति परिवार 20 से 30 हजार रुपये मासिक आय का लक्ष्य

रायपुर/नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। बस्तर संभाग के स्थानीय संसाधनों,प्राकृतिक संपदा और ग्रामीणों की क्षमताओं का उपयोग कर लाखों परिवारों को स्थायी आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की कार्ययोजना तैयार की गई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन,नवा रायपुर में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बस्तर के प्रत्येक पात्र परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
स्वावलंबी बस्तर अभियान के तहत आगामी पांच वर्षों में बस्तर संभाग के सात जिलों की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान में बस्तर,कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर,दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले शामिल हैं। लक्षित परिवारों की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपये तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि परिवारों की रुचि,स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के अनुरूप आजीविका गतिविधियों का चयन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार इस अभियान से वंचित न रहे।
अभियान के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज, वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर-कृषि एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों से जुड़े 23 उपक्षेत्रों के लगभग 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है।
इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल-सब्जियां, इमली, महुआ, काजू,बांस,कोसा,लाख, शहद, कॉफी,दुग्ध उत्पादन,मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प और पर्यटन जैसी गतिविधियां शामिल हैं
अभियान के तहत केवल उत्पादन तक सीमित न रहकर कच्चे माल की आपूर्ति,तकनीकी प्रशिक्षण, संग्रहण, भंडारण,प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला विकसित की जाएगी।
इसके लिए आवश्यकतानुसार कलेक्शन सेंटर,भंडारण केंद्र, प्रसंस्करण इकाइयां और शीत श्रृंखला की व्यवस्था की जाएगी। ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (टीआरआई) संस्था अभियान की तैयारियों में तकनीकी सहयोग प्रदान कर रही है।
बस्तर के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ओएनडीसी के मायस्टोर सहित विभिन्न डिजिटल विपणन माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में पांच प्रमुख उत्पादों को सात अलग-अलग स्टोर के माध्यम से बाजार में उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से ग्रामीण परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना तैयार की जा रही है।
इसके साथ ही दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को नियमित आय का स्रोत मिल सके।
स्वावलंबी बस्तर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र एवं राज्य शासन के 10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय किया जाएगा।
ग्रामीण परिवारों को बिहान के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), वन धन विकास केंद्रों और अन्य सामुदायिक संस्थाओं से जोड़ा जाएगा।
अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़कर ग्रामीणों को विभिन्न नागरिक एवं शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इससे दूरस्थ अंचलों के ग्रामीणों को अपने गांव के समीप ही शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
अभियान के औपचारिक शुभारंभ से पहले गीदम और कांकेर विकासखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं, प्रशिक्षण, परिवारों का सर्वेक्षण और परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार करने का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अभियान के लिए पृथक प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने, संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी निर्धारित करने और विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर परियोजना की स्वीकृति मिलते ही जमीनी स्तर पर तेजी से क्रियान्वयन करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा,राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता के.के. कटारे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



