छत्तीसगढ़

CG- 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर आमरण अनशन पर बैठी भाजपा पार्षद, इस वजह से मासूम को लेकर खोला मोर्चा…..

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। वार्ड क्रमांक 08 की भाजपा पार्षद चांदनी रोशन दत्ता अपनी महज 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गई हैं। पार्षद का आरोप है कि नेशनल हाईवे-30 से लगी करोड़ों रुपये की बेशकीमती शासकीय जमीन पर कब्जा किया गया है। इस मामले में वह दो बार नगर पालिका में शिकायत भी कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की अनदेखी से नाराज पार्षद ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

दरअसल, बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 की पार्षद चांदनी रोशन दत्ता ने दौलत राजपूत, नीरज चांडक और अवधेश विश्वकर्मा पर नेशनल हाईवे-30 से लगी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। पार्षद के मुताबिक, सड़क से लगी इस जमीन की कीमत करोड़ों रुपये है। उन्होंने दावा किया है कि जमीन के शासकीय होने से संबंधित दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं।

पार्षद का कहना है कि उन्होंने शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के मामले में पहले भी दो बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की थी। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर उन्होंने नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। इस दौरान वह अपनी 13 दिन की नवजात बच्ची को भी साथ लेकर बैठी हैं।

उन्होंने मांग की है कि नेशनल हाईवे-30 से लगी शासकीय जमीन पर किए गए अवैध निर्माण और बनाई गई दीवारों को तत्काल हटाया जाए। पार्षद ने चेतावनी दी है कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

इस पूरे मामले में फिलहाल नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि ठंड के मौसम में 13 दिन की नवजात बच्ची के साथ आमरण अनशन पर बैठी पार्षद के मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और अतिक्रमण के आरोपों पर कब तक कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button