
खल्लारी उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधा बदहाल, ताले में कैद रहता है अस्पताल; झोलाछाप डॉक्टरों के भरोसे ग्रामीण
छत्तीसगढ़ धमतरी। जिले के टाइगर रिजर्व क्षेत्र के वनांचल ग्राम खल्लारी में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का उप स्वास्थ्य केंद्र अधिकांश समय बंद रहता है और यहां ताला लटका रहता है। स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने के कारण ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक व्यवस्था में सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से वनांचल क्षेत्र में नियमित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।
विकास की राह में टाइगर रिजर्व के नियम बने बाधा
धमतरी जिले का टाइगर रिजर्व क्षेत्र आज भी सड़क, बिजली, निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए जद्दोजहद कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जब भी विकास कार्यों की बात होती है, टाइगर रिजर्व से जुड़े नियम-कायदे सामने आ जाते हैं। इसके चलते वनांचल के कई गांवों तक आज भी विकास की बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह नहीं पहुंच पाई हैं।
10 गांवों के ग्रामीणों के लिए बना है उप स्वास्थ्य केंद्र
ग्राम पंचायत खल्लारी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पक्के भवन में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया है। यह क्षेत्र ब्लॉक मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उप स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत खल्लारी सहित चमेदा, गाताबहारा, जोगीबिरदो, साल्हेभाट, एकावरी, मुहकोट, फरसगांव, ठोठाझरिया और आमझर जैसे गांव आते हैं।
ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुविधा के लिए यहां स्वास्थ्य कर्मचारी की नियुक्ति भी की गई है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी केंद्र में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते। बताया जा रहा है कि कर्मचारी केंद्र से करीब 30 किलोमीटर दूर निवास करते हैं। ऐसे में जरूरत के समय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा का लाभ नहीं मिल पाता।
साप्ताहिक बाजार के दिन ही खुलता है अस्पताल!
ग्रामीणों के मुताबिक खल्लारी में गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगता है और इसी दिन उप स्वास्थ्य केंद्र भी कुछ घंटों के लिए खुलता है। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल कभी 11 बजे तो कभी 12 बजे के आसपास खुलता है और दोपहर 3 बजे के बाद फिर ताला लटक जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति की रात में या दिन के किसी भी समय अचानक तबीयत खराब हो जाए तो उसे प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल पाता। मजबूरी में ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय तक करीब 40 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है या फिर झोलाछाप डॉक्टर को घर बुलाकर इलाज कराना पड़ता है, जिसके लिए उन्हें अतिरिक्त रकम खर्च करनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई स्वास्थ्य सुविधा की गुहार
वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि खल्लारी उप स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से स्वास्थ्य कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामीणों को समय पर प्राथमिक उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इलाज के लिए उन्हें झोलाछाप डॉक्टरों पर निर्भर न रहना पड़े।