धमतरी

संविधान दिवस पर बीसीएस पीजी कॉलेज धमतरी में हुआ संयुक्त आयोजन, विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम ने साझा किए अनुभव

नयाभारत लाइव धमतरी। बी.सी.एस. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में संविधान दिवस के अवसर पर विधि विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री विनोद कुमार पाठक के मार्गदर्शन एवं विधि विभागाध्यक्ष प्रो. दुर्गेश प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान के महत्व, मौलिक मूल्यों और महिला सशक्तिकरण के विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री शमशाद बेगम, विशिष्ट अतिथि अपर कलेक्टर धमतरी प्रीति दुर्गम एवं अनुविभागीय अधिकारी धमतरी मुकेश बजाज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार पाठक ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

संविधान के महत्व और विशेषताओं पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रीति दुर्गम ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसकी जानकारी दी। वहीं अनुविभागीय अधिकारी मुकेश बजाज ने भारतीय संविधान की विशेषताओं का वर्णन किया। उन्होंने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

महिला कमांडो के जरिए समाज में बदलाव की मिसाल बनीं पद्मश्री शमशाद बेगम

मुख्य अतिथि पद्मश्री शमशाद बेगम ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों और संघर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला कमांडो का गठन किया।

महिला कमांडो अपने गांवों और वार्डों में भ्रमण कर लोगों को नशे से दूर रहने, अपराधों से बचने और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए जागरूक करती थीं। उन्होंने बताया कि इस पहल का कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहा है और आज भी वे इसी उद्देश्य के साथ कार्य कर रही हैं। भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

प्राचार्य ने कराया संविधान का वाचन

मुख्य अतिथि के उद्बोधन के पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार पाठक ने भारतीय संविधान का वाचन किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विधि विभागाध्यक्ष सहायक प्राध्यापक दुर्गेश प्रसाद, पंकज जैन, डॉ. सपना ताम्रकार, डॉ. प्रेमनाथ भारती, गायत्री लहरे, पंकज डोडवानी, गोपी कुर्रे, श्रुति डोंगरे सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button