CG High Court ब्रेकिंग : जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष की नियुक्ति पर हाई कोर्ट ने लगाई अंतरिम रोक…

बिलासपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, सरगुजा के अध्यक्ष पद की नियुक्ति को लेकर चल रहे कानूनी विवाद में छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट ने बड़ा रुख अपनाते हुए अंतरिम राहत दी है।
जस्टिस एके प्रसाद के सिंगल बेंच ने मामले की प्रारंभिक सुनवाई के बाद 15 दिसंबर 2025 को जारी विवादित आदेश के प्रभाव और संचालन पर अगली सुनवाई तक स्थगन आदेश जारी कर दिया है। कोर्ट के इस निर्देश के बाद संबंधित आदेश फिलहाल प्रभावी नहीं रहेगा, जिससे सरगुजा सहकारी बैंक की प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल में नया मोड़ आ गया है।
यह पूरा विवाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सरगुजा के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह की नियुक्ति से जुड़ा हुआ है। इस नियुक्ति को लेकर दुर्गा चरण सिंह ने छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट में रिट याचिका दायर की है, जिसमें राज्य शासन सहित अन्य संबंधित पक्षों को पक्षकार बनाया है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता भास्कर प्यासी ने अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखा।
याचिका में अध्यक्ष पद पर हुई नियुक्ति को सीधे तौर पर अवैधानिक और नियमों के विपरीत बताते हुए चुनौती दी गई है।
याचिकाकर्ता का प्रमुख आरोप यह है कि नवनियुक्त अध्यक्ष ने बैंक का कर्ज नहीं चुकाया है। इसी आधार पर उनकी पात्रता और नियुक्ति की वैधानिकता पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। याचिका में यह दलील दी गई है कि बकाया कर्ज या वित्तीय अनियमितता से जुड़े तथ्यों के बावजूद की गई नियुक्ति सहकारी व्यवस्था और संबंधित प्रावधानों के अनुरूप नहीं है, इसलिए इस पर हस्तक्षेप किया जाना आवश्यक है।
मामले की सुनवाई के दौरान विभिन्न पक्षों के अधिवक्ताओं ने अपनी-अपनी दलीलें और स्थिति स्पष्ट की।
राज्य शासन की ओर से शासकीय अधिवक्ता अखिलेश कुमार अदालत में उपस्थित हुए।
सुनवाई के दौरान में 26 नवंबर को एक प्रतिवादी की ओर से अपना जवाब प्रस्तुत करने के लिए अदालत से चार सप्ताह का समय मांगा गया। हाई कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए प्रतिवादी पक्ष को जवाब दाखिल करने की मोहलत प्रदान की।
मामले के तथ्यों, परिस्थितियों और अब तक सामने आए बिंदुओं पर विचार करने के बाद हाई कोर्ट ने अंतरिम व्यवस्था के तहत 15 दिसंबर 2025 के विवादित आदेश के प्रभाव और संचालन पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। अदालत ने स्पष्ट किया कि यह रोक अंतरिम है और मामले को चार सप्ताह बाद अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया है।
आने वाले चार सप्ताह में प्रतिवादियों द्वारा अपना जवाब प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद अगली सुनवाई में दोनों पक्षों की दलीलों और दाखिल जवाबों के आधार पर अध्यक्ष की नियुक्ति की वैधता से जुड़े कानूनी और तथ्यात्मक सवालों पर विस्तृत विचार किया जाएगा। तब तक के लिए हाई कोर्ट के इस स्थगन आदेश ने संबंधित पक्षों को बड़ी अंतरिम राहत और मामले की दिशा तय करने का आधार दिया है।


