धमतरी

नेशनल एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में धमतरी के 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सहभागिता..!

15 से अधिक उद्यमियों का उद्यम पंजीयन, सार्वजनिक उपक्रमों में वेंडर बनने के अवसरों की मिली जानकारी

धमतरी। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर व्यावसायिक अवसरों, सरकारी योजनाओं और संस्थागत सहयोग से जोड़ने की दिशा में धमतरी जिले के करीब 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर में आयोजित नेशनल एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में सहभागिता की।

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव की अध्यक्षता केंद्रीय एमएसएमई मंत्री श्री जीतन राम मांझी ने की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसी अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने रायपुर के कचना क्षेत्र में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (NSSH) के नवीन कार्यालय का उद्घाटन भी किया।

उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य एससी-एसटी वर्ग के उद्यमियों को उद्यमिता, सरकारी योजनाओं, सार्वजनिक खरीद नीति और बड़े बाजारों से जुड़ने के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम में केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSUs), बैंकों, वित्तीय संस्थानों, GeM, NSIC, CSIDC तथा राज्य शासन के प्रतिनिधियों ने उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं और व्यावसायिक अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

धमतरी के 15 से अधिक उद्यमियों का हुआ उद्यम पंजीयन

कॉन्क्लेव में धमतरी जिले से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के 15 से अधिक प्रतिभागियों का Udyam पंजीयन कराया गया। इसके साथ ही NMDC, SAIL सहित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों में वेंडर पंजीयन के लिए उद्यमियों को आवेदन प्रपत्र भी उपलब्ध कराए गए।

धमतरी की स्थानीय उद्यम इकाई M/s Hemal Food ने स्टॉल के माध्यम से अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया, जिससे स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार और संस्थागत खरीदारों तक पहुंचाने की संभावनाओं को भी बल मिला।

सार्वजनिक खरीद नीति में एससी-एसटी उद्यमियों के लिए विशेष प्रावधान

उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक खरीद नीति के तहत केंद्र सरकार के मंत्रालयों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के लिए एमएसई से न्यूनतम 25 प्रतिशत खरीद का प्रावधान है। इसमें एससी-एसटी उद्यमों के लिए 4 प्रतिशत तथा महिला उद्यमियों के लिए 3 प्रतिशत का उप-लक्ष्य निर्धारित है।

कॉन्क्लेव में उद्यमियों को इन प्रावधानों के साथ-साथ सार्वजनिक उपक्रमों में वेंडर बनने और संस्थागत बाजार से जुड़ने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।

STARTUP DHAMTARI और YUVA DHAMTARI से बढ़ावा दी जा रही उद्यमिता

जिला प्रशासन द्वारा STARTUP DHAMTARI एवं YUVA DHAMTARI जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उद्यमिता और स्टार्टअप विकास को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है।

आगामी दिनों में आईआईएम रायपुर सहित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय संस्थानों के सहयोग से एससी-एसटी उद्यमियों के लिए विशेष प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास कार्यक्रम तथा नेशनल एससी-एसटी हब के सहयोग से वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने लिया हिस्सा

धमतरी से शामिल प्रतिनिधिमंडल में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री लोकपाल खांडेकर, जिला रिसोर्स पर्सन डॉ. संदीप मेश्राम तथा ICCSWE छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं CGS Network के मुख्य समन्वयक एवं सीईओ श्री उमेश कुमार महिलानी सहित उद्यमी एवं जिला स्तरीय टीम के सदस्य शामिल रहे।

कॉन्क्लेव में मिली जानकारी और उपलब्ध अवसरों से धमतरी जिले के एससी-एसटी वर्ग के उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, सार्वजनिक खरीद व्यवस्था और बड़े बाजारों से जुड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button