CG- प्रेम प्रसंग का राज खुला तो भड़की बहू! सास को कोल्ड्रिंक में कीटनाशक देने का आरोप…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सास-बहू के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद और प्रेम प्रसंग को लेकर बहू पर अपनी ही सास को कोल्ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बहू कविता ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गंगानगर मंगला चौक निवासी 57 वर्षीय रुखमणी ठाकुर उर्फ भूखिन ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उपवास के दौरान जब वह घर लौटीं, तब उनकी बहू कविता ठाकुर ने उन्हें कोल्ड्रिंक पीने के लिए दी। इसे पीने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे और फिर वह बेहोश हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर सिम्स रेफर किया गया। प्रार्थिया के आरोप के मुताबिक बहू का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसकी जानकारी परिवार को हो गई थी। इस बात को लेकर उसे समझाइश दी गई थी। वहीं बाद में पति ने उसका मोबाइल भी अपने पास रख लिया था। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश में बहू ने सास को कोल्ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया। प्रार्थिया ने यह आरोप भी लगाया कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बहू घर से सोने-चांदी के जेवर और अलमारी में रखे साढ़े तीन लाख रुपये लेकर अपने मायके चली गई थी। मामले की जांच के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मुंगेली जिले के ग्राम चमारी टिंगीपुर से आरोपी कविता ठाकुर को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



