छत्तीसगढ़

CG- आखरी सफर : गुजरात से लौट रहा था 18 साल का युवक, ट्रेन में अचानक थमी सांसें, रायगढ़ में उतारा गया शव….

रायगढ़। गुजरात से काम छोड़कर अपने घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक की ट्रेन में सफर के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक शिर्डी-हावड़ा साप्ताहिक ट्रेन में सवार होकर टाटा (जमशेदपुर) जा रहा था। इसी दौरान भूदेवपुर रेलवे स्टेशन के पास उसकी तबीयत बिगड़ गई और चलती ट्रेन में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद युवक के शव को रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतारा गया। इसके बाद जीआरपी को सूचना दी गई। घर लौटने का उसका सफर बीच रास्ते में ही खत्म हो गया।

मृतक युवक की पहचान लाल बिरवा (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह झारखंड के टाटा स्थित गमरिया क्षेत्र के शिव नारायणपुर का निवासी था। बताया जा रहा है कि लाल बिरवा गुजरात में टाइल्स ऑपरेटर के रूप में काम करता था और वहां मशीन चलाने का कार्य करता था। कुछ समय से उसकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, इसी कारण वह अपने दोस्त विकास करले के साथ घर वापस लौट रहा था।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक शिर्डी से हावड़ा जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन के एस-6 कोच में वेटिंग टिकट पर यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान जब ट्रेन भूदेवपुर स्टेशन के करीब पहुंची, तभी अचानक लाल बिरवा की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। जब तक संभल पाते, उसने दम तोड़ दिया। साथी यात्री विकास करले व अन्य लोगों की मदद से स्थिति की जानकारी रेलवे स्टाफ व कंट्रोल को दी गई, जिसके बाद शव को रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतारा गया।

सूचना मिलते ही रायगढ़ जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को जिला चिकित्सालय के मर्चुरी रूम में रखवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है। परिजनों के पहुंचने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल जीआरपी मर्ग कायम कर मामले की जांच व आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button