छत्तीसगढ़

CG – जीएसटी कर्मचारी की मौत : तेज रफ्तार कार और ट्रेक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर, जीएसटी कर्मचारी की मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत, 3 की हालत गंभीर…..

रायगढ़। रायगढ़-खरसिया मुख्य एनएच मार्ग पर तेज रफ्तार कार और ट्रेक्टर के बीच आमने सामने जोरदार टक्कर मे एक जीएसटी कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल है। हादसा एनएच 49 पर मुरा चौक के पास हुआ है। मृतक शिव यादव स्टेट जीएसटी के रायगढ़ ऑफिस में पदस्थ थे, जीएसटी टीम होली मिलन समारोह के लिए खरसिया जा रहे थे। घायलों में रजत मिश्रा, अर्जुन गुप्ता और राजकुमार पैंकरा शामिल बताया जा रहा हैं। इनका इलाज रायगढ़ के प्राईवेट अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक स्टेट जीएसटी डिपार्मेंट रायगढ़ ऑफिस में पदस्थ जीएसटी कर्मियों की टीम रायगढ़ से खरसिया जा रहे थे। रायगढ़ के नेशनल हाईवे 49 में कार जब पहुंची तो मुरा चौक के पास ट्रैक्टर से जा भिड़ी। कार बेहद तेज रफ्तार में थी। कार में सवार कर्मचारियों को गंभीर चोट आई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

घटना के बाद आसपास काफी लोगों की भीड़ लग गई थी। सूचना मिलने पर भूपदेवपुर थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना कारित करने वाला ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को अपेक्स अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत स्टेट जीएसटी के क्लर्क शिव यादव को मृत घोषित कर दिया।

वहीं अन्य क्लर्क राजकुमार पैंकरा, अर्जुन गुप्ता और रजत मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। इनका इलाज रायगढ़ के प्राइवेट अस्पताल में जारी है।

Related Articles

Back to top button