CG- युवक की मिली लाश : सड़ी गली हालत में मिली युवक की लाश, इलाके में फैली सनसनी, हत्या या फिर….जांच में जुटी पुलिस…..

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र से सनसनी खेज मामला सामने आया है। राजीव नगर स्थित नहर में अज्ञात युवक की लाश मिली है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव पूरी तरह से अकड़ चुका था। जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक की पहचान छावनी निवासी 26 वर्षीय कुंदन वर्मा के रूप में की गई है।
दोपहर को एक शख्स पुल से गुजर रहा था तो उसकी नजर शव पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। लोगों ने जामुल पुलिस को सूचना दी तो टीम वहां पहुंची। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ नहर के आसपास लग गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
शव पूरी तरह से अकड़ चुका था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि शव दो दिन पुराना हो सकता है। शव पर कोई चोट के निशान नहीं है। हत्या है या आत्महत्या यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।