CG – छात्रावास अधीक्षक सस्पेंड : छात्रावास में जांच करने गए अधिकारीयों को इस हाल में मिला अधीक्षक, प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित, जाने पूरा मामला……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में आदिवासी आश्रम में शराब के नशे में धुत्त मिले अधीक्षक को सहायक आयुक्त ने निलंबित कर दिया है। वहीं शराब के नशे में मिले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त कर सेवाएं समाप्त कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला विकासखण्ड पोंड़ी उपरोड़ा में स्थित प्राथ. स्तर आदिवासी बालक आश्रम सरभोंका का है। यहाँ पदस्थ अधीक्षक संजय कुमार पैकरा, गनपत लाल दैनिक वेतन भोगी और कलेक्टर दर पद पदस्थ कर्मचारी आलम सिंह पैकरा के खिलाफ संस्था में शराब पीने की शिकायत मिली थी। सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेन ने शिकायत की गंभीरता से लेते हुए नोडल अधीक्षक पोंडीउपरोड़ा को जांच के आदेश दिए थे।
नोडल अधीक्षक के द्वारा बालक आश्रम सरभोका में रात 9ः30 बजें के लगभग आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मौके पर अधीक्षक संजय कुमार पैकरा, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी गनपत लाल और आश्रम में कलेक्टर दर पर नियुक्त कर्मचारी आलम सिंह पैकरा शराब के नशे में धुत मिले। जांच में तीनों कर्मचारियों के अक्सर आश्रम में ही शराब सेवन करने की पुष्टि बच्चों ने की। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सहायक आयुक्त ने बालक आश्रम सरभोका के अधीक्षक संजय कुमार पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वहीं आश्रम में पदस्थ दैनिक मजदूर गनपत सिंह बिंझवार को बर्खास्त कर सेवायें समाप्त कर दी गई है, जबकि कलेक्टर दर पर कार्यरत कर्मचारी आलम सिंह पैंकरा को कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा में संलग्न किया गया है। सहायक आयुक्त के इस एक्शन के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि छात्रावास-आश्रमों में मनमानी बिल्कुल भी बर्दाश्त नही की जायेगी। अनाधिकृत कृत्य करने पर दोषी अधीक्षक और कर्मचारियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जायेगी।



