T20 वर्ल्ड कप भारत ने जीत के साथ किया अभियान की शुरुआत सूर्य कुमार यादव का तूफानी अर्धशतक पढ़े पूरी ख़बर
खेल डेस्क//टी20 विश्व कप 2026 के तीसरे मैच में अमेरिकन क्रिकेट टीम ने दुनिया की नंबर वन क्रिकेट टीम भारत को घुटनों पर ला दिया था। भला हो भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का, जिनके नाबाद 84 रनों की पारी की बदौलत भारत ने 150 के आंकड़े को पार किया।
मुंबई क्रिकेट में अपने साथी रहे सौरभ नेत्रवलकर के आखिरी ओवर में सूर्या ने दो चौके और दो छक्के लगाकर स्कोर को 9 विकेट पर 161 रन पर पहुंचा दिया।
जवाब में अमेरिका टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी। भारतीय टीम ने 29 रन से मुकबला जीतकर विश्व कप का आगाज किया। अब 10 फरवरी को भारत का सामना नामीबिया से होगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
अमेरिका की टीम में कप्तान मोनांक पटेल सहित पांच खिलाड़ी भारतीय हैं जिनमें से तीन ने तो मुंबई के इस मैदान में काफी क्रिकेट खेला हुआ है। इसी को देखते हुए मोनांक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का शानदार फैसला किया। अमूमन यहां लाल मिट्टी की पिच पर अच्छा बाउंस मिलता है लेकिन यहां पर गेंद रुक कर आ रही थी।
सौरभ नेत्रवलकर को छोड़कर बाकी अमेरिकी गेंदबाजों ने सटीक निशाने पर गेंदबाजी की। कप्तान मोनांक ने फील्डिंग भी बहुत अच्छा सेट किया था। वहीं भारतीय बल्लेबाज यह सोचकर आए थे कि गेंद बाउंस करेगी और वह इसका फायदा उठाते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ उसे स्टेडियम के बाहर पहुंचा देंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
गेंद रुक कर आ रही थी और एक के बाद एक भारतीय गेंदबाज पिच के पास कैच आउट हो रहे थे। भारत के नौ में से आठ विकेट कैच आउट से गए। वरुण चक्रवर्ती आखिरी गेंद में रनआउट हुए। टीम के छह बल्लेबाज दहाई तक भी नहीं पहुंच सके जिसमें से तीन ने एक भी रन नहीं बनाया। सिर्फ एक कप्तान सूर्यकुमार ही थे जिन्होंने सीख ली और आखिरी गेंद तक डटे रहे।



