CG – 2 युवकों की मौत : तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो युवकों की हुई दर्दनाक मौत, अकाल मृत्यु से परिवार में मचा कोहराम…..

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले तेली मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की अकाल मृत्यु हो गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीपरतराई से कोटा की ओर जा रहे थे, तभी अचानक तेली मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल कोटा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुँची, जहाँ प्रारंभिक जाँच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि मोड़ पर बाइक की गति अधिक होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा होगा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।



