CG- शराब पार्टी बनी काल : पिकनिक मानाने निकली सात दोस्तों की टोली, तालाब किनारे पेड़ के नीचे बैठकर कर रहे थे शराब पार्टी, पैर फिसलने से गहरे पानी ने ली दो युवकों की जान…..

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के खमतराई स्थित अमहा तालाब में पिकनिक मनाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान हिमांशु हांदे (21 वर्ष) और शिवम मानिकपुरी (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सात दोस्तों की टोली अमहा तालाब के किनारे पिकनिक मनाने और घूमने निकली थी। पेड़ के नीचे बैठकर सभी शराब पार्टी कर रहे थे। नशे की हालत में हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने के लिए तालाब की ढलान पर उतरे। पैर फिसलने के कारण दोनों सीधे गहरे पानी में जा गिरे।
तालाब से मुरूम निकालने के लिए की गई अंधाधुंध खुदाई इन युवकों के लिए काल बन गई। जेसीबी से खुदाई के कारण किनारे पर ही गहराई बहुत ज्यादा थी। चूंकि दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था, वे संभल नहीं पाए। उन्हें बचाने की कोशिश में एक तीसरा दोस्त भी पानी में उतरा, लेकिन डूबता देख बाकी साथियों ने उसे जैसे-तैसे बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और नगर सेना के गोताखोर मौके पर पहुंचे। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर रात दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। साथ ही, मौके पर मौजूद अन्य दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके।



