CG – सेवा, समर्पण और नेतृत्व का आज होगा सम्मान, संकल्प के साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी…

सेवा, समर्पण और नेतृत्व का आज होगा सम्मान, संकल्प के साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी
मातृशक्ति को सलाम : हरसंभव फाउंडेशन करेगा 61 प्रेरणादायी महिलाओं का अभिनंदन
रायपुर। समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने और उनके प्रेरणादायी कार्यों को नई पहचान देने के उद्देश्य से हरसंभव फाउंडेशन द्वारा महिला सम्मान समारोह एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह कार्यक्रम 7 मार्च शनिवार को शाम 4 बजे वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस रायपुर में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों—समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और जनजागरूकता—में उल्लेखनीय और प्रेरणादायी कार्य कर रही 51 चयनित महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इन महिलाओं ने अपने समर्पण, संघर्ष और सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। यह सम्मान समारोह मातृशक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी होंगी। वहीं डॉ. रुना शर्मा, डॉ. प्रीति उपाध्याय, दीपाक्षा जैन, प्रीति रानी तिवारी, डॉ. रुचिरा पांडे, प्रीति चौहान और इला दुबे सहित अनेक विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित रहकर सम्मानित महिलाओं का उत्साहवर्धन करेंगे।
इस अवसर पर हरसंभव फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता त्रिपाठी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। कार्यक्रम के दौरान संस्था की 11 नई पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए नियुक्त कर शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा, ताकि संस्था के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
हरसंभव फाउंडेशन का यह आयोजन न केवल महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने का मंच बनेगा, बल्कि समाज में नारी शक्ति, सेवा और नेतृत्व के मूल्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित होगा। संस्था का उद्देश्य है कि ऐसी प्रेरणादायी महिलाओं की कहानियां समाज के सामने आएं, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी सेवा, समर्पण और नेतृत्व के मार्ग पर आगे बढ़ सकें।



