CG- खौफनाक वारदात: चरित्र शंका में पति ने सो रही पत्नी को उतारा मौत के घाट, भाई को फोन कर दी वारदात की जानकारी…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र शंका में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद अपने भाई को फोन कर मर्डर की जानकारी दी। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए पूरी वारदात
दरअसल, थाना तपकरा क्षेत्र के ग्राम पुटली में 6 मार्च की देर रात जेरोम तिर्की ने सो रही 53 वर्षीय पत्नी अलकिसलिया तिर्की की हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी ने रात 2ः30 बजे गांव में रहने वाले अपने भाई जूलियस तिर्की को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही जूलियस अपने भाई के घर पहुंचा और देखा तो जेरोम तिर्की की पत्नी खून से लथपथ हालत में पड़ी थी।
चरित्र संदेह बना हत्या का करण
आरोपी जेरोम ने पूछताछ में अपने भाई को बताया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। आए दिन इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होते रहता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान घर में रखे धारदार हथियार (दौली) से पत्नी के गले में वार कर उसकी हत्या कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के भाई की शिकायत पर धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी जेरोम तिर्की को गिरफ्तार किया। साथ ही मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जेरोम ने हत्या करने की बात कबूल की, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। साथ ही आरोपी के कब्जे से लोहे का राॅड भी जब्त कर लिया गया है।
घटना को सुलझाने में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
वहीँ, इस घटना को सुलझाने में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक, सहायक उप निरीक्षक रामजी साय पैंकरा, प्रेमिका कुजूर, प्रधान आरक्षक अजय लकड़ा, आरक्षक पुनीत साय व याकूब एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



