CG – मादक पदार्थ नियंत्रण और NDPS अधिनियम के प्रभावी कार्यान्वयन पर रेंज स्तरीय एक-दिवसीय कार्यशाला संपन्न…

मादक पदार्थ नियंत्रण और NDPS अधिनियम के प्रभावी कार्यान्वयन पर रेंज स्तरीय एक-दिवसीय कार्यशाला संपन्न
राजनांदगांव। मंगल भवन पुलिस लाइन राजनांदगांव में दिनांक 10.03.2026 को नशीली दवाओं के बढ़ते खतरे को रोकने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से आज कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य केंद्र नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों और उनकी व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा करना था।

कार्यशाला के मुख्य बिंदुओं में शामिल थे :-
1.कानूनी जागरूकता: प्रशिक्षण सत्र में विषय विशेषज्ञों द्वारा एनडीपीएस अधिनियम की महत्वपूर्ण धाराएं, तलाशी एवं जब्ती की वैधानिक प्रक्रिया, साक्ष्य संधारण, केस डायरी लेखन, चार्जशीट तैयारी तथा न्यायालयीन प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया गया ताकि जांच में कोई तकनीकी खामी न रहे।
2.प्रक्रियात्मक प्रशिक्षण: मादक पदार्थों की पहचान, उनकी सैंपलिंग प्रक्रिया (Sampling Procedure) और कानूनी दस्तावेजों को तैयार करने के सही तरीकों पर विशेष जोर दिया गया।
3.कठोर प्रावधान: कार्यशाला में बताया गया कि कॉमर्शियल मात्रा में ड्रग्स पाए जाने पर 10 से 20 वर्ष तक के कठोर कारावास का प्रावधान है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजी राव ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय के परिपेक्ष में स्मार्ट पुलिसिंग करते हुए नई नई वैज्ञानिक तकनीकों और विभिन्न पोर्टल का उपयोग करें और NDPS के अलावा अन्य सभी प्रकरणों में आरोपियों की दोष सिद्धि में बढ़ोतरी की जाए। मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, तकनीकी रूप से मजबूत विवेचना एवं टीम वर्क की आवश्यकता पर बल दिया और इस कार्यशाला को सभी विवेचको के लिए बहुत उपयोगी बताया। प्रशिक्षण में के.के. चतुर्वेदी (डीडीपी, महासमुंद), उप पुलिस अधीक्षक केशरी नंद नायक, अधीक्षक अनिल कुमार (नारकोटिक्स क्राइम ब्यूरो), पूर्व डीएसपी श्री राकेश जोशी, सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता वाधवानी , उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवी मोनिका पांडे, एसडीओपी गंडई मानक लाल कश्यप, एसडीओपी मानपुर श्री नोहर लाल मंडावी सहित राजनांदगांव रेंज के चारों जिलों से सहायक उप निरीक्षक से निरीक्षक स्तर तक कुल लगभग 66 अधिकारियों ने सहभागिता दी।



