CG – डांड माटी पूजा के साथ कुम्हड़ाकोट संगम में मनाया जाएगा जगतू माहरा स्मृति दिवस – राजू बघेल

डांड माटी पूजा के साथ कुम्हड़ाकोट संगम में मनाया जाएगा जगतू माहरा स्मृति दिवस – राजू बघेल
जगदलपुर। बस्तर की धरती के माटी पुजारी और दानवीर माने जाने वाले जगतू माहरा के स्मृति दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 13 मार्च को कुम्हड़ाकोट नदी किनारे संगम स्थल पर श्रद्धा और आस्था के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डांड माटी का पूजा-अर्चना कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। संगम स्थल पर सुबह से ही समाज के वरिष्ठजन, युवा और ग्रामीण एकत्रित होंगे और बस्तर की परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कर माटी के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे। यह आयोजन बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर दानवीर जगतू माहरा को नमन करते हैं।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए संभागीय अध्यक्ष राजू बघेल ने बताया कि जगतू माहरा का बस्तर की धरती और समाज के लिए योगदान अविस्मरणीय है। उनके स्मृति दिवस पर हर वर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके त्याग और समर्पण से परिचित कराने का भी माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में समाज के लोग, जनप्रतिनिधि और युवा कार्यक्रम में शामिल होकर डांड माटी की पूजा कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कुम्हड़ाकोट संगम स्थल पहुंचकर इस कार्यक्रम में भाग लें और बस्तर के माटी पुजारी दानवीर जगतू माहरा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें। यह आयोजन न केवल स्मरण का अवसर है बल्कि बस्तर की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का भी प्रतीक है।



