चैत्र नवरात्रि 2026 पर अष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर उमरगांव में भव्य महाउत्सव एवं श्री बगलामुखी महाअनुष्ठान का आयोजन…

नगरी…शक्ति उपासना के पावन पर्व चैत्र नवरात्रि 2026 के शुभ अवसर पर अष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर, उमरगांव (तहसील नगरी, जिला धमतरी, छत्तीसगढ़) में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य एवं दिव्य “चैत्र नवरात्रि महाउत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 19 मार्च 2026 (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) से प्रारंभ होकर 27 मार्च 2026 (राम नवमी) तक विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न होगा।
इस दौरान विशेष रूप से श्री बगलामुखी महाअनुष्ठान, दुर्गा सप्तशती पाठ, नवचंडी यज्ञ एवं वैदिक मंत्रोच्चार यज्ञाचार्य पंडित द्वारिका प्रसाद पाण्डेय एवं विद्वान ब्राह्मणों के सान्निध्य में संपन्न कराया जाएगा। यह अनुष्ठान वैदिक एवं तांत्रिक विधि के समन्वय से संपन्न होगा, जिसमें ऋग्वेदीय सूक्त, श्रीसूक्त, दुर्गासूक्त एवं चंडीपाठ का विशेष समावेश रहेगा।
यज्ञाचार्य पंडित द्वारिका प्रसाद पाण्डेय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के प्रत्येक दिन विशेष उद्देश्य आधारित अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शत्रु बाधा, न्यायालय मामलों में विजय, झूठे आरोपों से मुक्ति, वाणी सिद्धि, राजनीतिक सफलता, व्यापारिक उन्नति, संतान प्राप्ति, गृह शांति, रोग निवारण एवं तंत्र बाधा से मुक्ति हेतु विशेष पूजन एवं लक्ष्यार्चन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः देवी अभिषेक, श्रीसूक्त एवं दुर्गासूक्त पाठ, दुर्गा सप्तशती का क्रमिक पाठ तथा बगलामुखी अनुष्ठान आयोजित होंगे। प्रथम दिवस पर घट स्थापना, नवग्रह पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा, जबकि नवमी तिथि पर पूर्णाहुति, महाहवन एवं कन्या पूजन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
सभी श्रद्धालु भक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर इस दिव्य अनुष्ठान में सहभागिता का आग्रह किया गया है। इच्छुक श्रद्धालु मनोकामना ज्योति प्रज्वलन, मुख्य यजमान बनने, विशेष बगलामुखी अनुष्ठान कराने तथा भंडारा एवं पूजन सामग्री दान में सहयोग कर सकते हैं।
श्रद्धालुओं से विशेष अनुरोध किया गया है कि बगलामुखी अनुष्ठान में सम्मिलित होने हेतु पीले वस्त्र धारण कर आएं एवं हल्दी, चना दाल, सूखी मिर्च आदि सामग्री साथ लाएं।
मंदिर निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य हेतु भी श्रद्धालुओं से सहयोग का आह्वान किया गया है।
विनीत:पं. यज्ञाचार्य द्वारिका प्रसाद पाण्डेयएवं समस्त श्रद्धालु भक्तजनअष्टभुजी शक्तिपीठ दुर्गा मंदिर, उमरगांवतहसील नगरी, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)