CG – अवैध खनन पर प्रशासन का एक्शन : माइनिंग माफियाओं के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई, दर्जनभर ट्रैक्टर समेत 3 हाईवा जब्त…..

जांजगीर-चांपा। जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने माइनिंग माफिया पर कड़ा प्रहार किया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर रोकथाम के लिए खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने जिले के केवा, नवापारा, भादा, पुछेली, पिपरदा, बम्हनीडीह, केराकछार, खोरसी, देवरघटा, शिवरीनारायण आदि क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेत के अवैध परिवहन करते कुल 15 मामले दर्ज कर गाड़ियों की जब्ती की गई।
खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान जिले में खनिज रेत के अवैध परिवहन करते कुल 15 प्रकरण दर्ज कर जब्ती की कार्रवाई की गई है। इनमें खनिज रेत अवैध परिवहन के 09 प्रकरण (06 ट्रैक्टर, 03 हाईवा), मिट्टी (ईंट) के 03 प्रकरण (03 ट्रैक्टर) तथा खनिज चूनापत्थर अवैध परिवहन के 03 प्रकरण (03 ट्रैक्टर) शामिल है। जब्त वाहनों को जिले के जांच क्षेत्र अंतर्गत स्थित थाना, शिवरीनारायण, पामगढ़, बिर्रा, पंतोरा तथा पुलिस लाईन जांजगीर में रखा गया है।
खनिजों के अवैध परिवहन के दर्ज प्रकरणों पर अवैध परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध खांन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर महोबे के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के संबंध में खनिज विभाग द्वारा निरंतर जांच कार्रवाई की जा रही है, जो कि आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।



