CG- युवक की फांसी के फंदे पर लटकी मिली लाश, शव पर चोट के निशान और मौके से सुसाइड नोट बरामद, जताई जा रही ये आशंका…..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक की लाश किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। शव पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें दो लोगों के नाम सामने आए हैं। यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहन रामटेके (42) के रूप में हुई है, जो कि पिछले 3 महीनों से हाउसिंह बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था और पेंटर का काम करता था। शनिवार की सुबह उसकी लाश घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। साथ ही उसके शव पर चोट के निशान और मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में कुछ लोगों के नाम शामिल है। वहीं मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक मोहन रामटेके के भाई नवीन रामटेके का कहना है कि मोहन का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था। मृतक की मां का भिलाई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है आज उनका ऑपरेशन होना था। इसलिए परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में थे और मोहन घर पर अकेला था। शनिवार सुबह मकान मालिक ने जब पुलिस को इसकी सूचना दी तब इसका खुलासा हुआ।
एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर का इस संबंध में कहना है कि युवक का शव बरामद किया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट और शरीर में चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ये हत्या है या फिर आत्महत्या।



