CG – रेप पीड़िता को जान से मारने की धमकी, जमानत पर छूटे आरोपी ने केस वापस लेने बनाया दबाव, बोला-केस वापस लो, नहीं तो…..

रायगढ़। जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म की पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके सहयोगी लगातार उसे केस वापस लेने के लिए धमका रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर फरार 2 आरोपियों की तलाश में जुट गई है। धमकी देने वाले मुख्य आरोपी का नाम बादल सिंह राजपूत है। आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पीड़िता को धमकी दी थी।
जानिए पूरा मामला
पीड़िता ने 3 फरवरी 2026 को महिला थाने में आरोपी बादल के खिलाफ दुष्कर्म की शिकातय दर्ज कराई थी। पीड़िता के मुताबिक, अक्टूबर 2022 में उसकी जान-पहचान आरोपी बादल सिंह राजपूत से हुई थी। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा दिया और 2026 तक शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा।
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने धारा 69, 115 3, 351 व 308 2, भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया था। वर्तमान में आरोपी जमानत पर बाहर है।
पीड़िता के मुताबिक, 18 मार्च 2026 को पीड़िता घटना के संबंध में कोर्ट पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपी ने पीड़िता को केस वापस लेने का दबाव बनाया और कहा कि वो अगर केस वापस नहीं लेगी तो उसे वो जान से मरवा देगा।
इसके बाद 19 मार्च को भी आरोपी ने अपने दोस्त अनमोल अग्रवाल के साथ फिर से धमकी दी। इस बात से डरी-सहमी पीड़िता ने इसकी शिकायत तत्काल थाने में दर्ज कराई।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में धारा 351 3, 232 1, व भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही फरार आरोपी बादल और अनमोल अग्रवाल की तलाश कर रही है।
महिला थाना पुलिस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है। दोनों आरोपी फरार है। साथ ही आरोपी बादल सिंह राजपूत की जमानत निरस्त कराने के लिए भी कोर्ट को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।



