छत्तीसगढ़

CG – नशा मुक्ति केंद्र में मौत, दो दिन पहले कराया था भर्ती, परिजनों ने लगाए ये आरोप, इलाके में आक्रोश का माहौल…..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर प्रताड़ना और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।

मृतक युवक की पहचान सुरेन्द्र राठौर के रूप में हुई है, जो शक्ति जिले के केसला गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि सुरेन्द्र लंबे समय से नशे की लत का शिकार था। परिवार, विशेषकर उसके पिता चुन्नीलाल राठौर, बेटे को इस लत से बाहर निकालकर नई जिंदगी देने की उम्मीद में उसे कोरबा के एक निजी नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराए थे।

परिजनों के अनुसार, सुरेन्द्र को करीब दो दिन पहले ही केंद्र में भर्ती कराया गया था और उस समय उसकी तबीयत सामान्य थी। लेकिन अचानक केंद्र से उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार सदमे में आ गया। परिजनों का आरोप है कि केंद्र प्रबंधन ने न तो सही इलाज किया और न ही उन्हें समय-समय पर मरीज की स्थिति की जानकारी दी।

मृतक के पिता का कहना है कि उन्हें अपने बेटे से मिलने तक नहीं दिया गया और जब उन्होंने मिलने की कोशिश की, तो उन्हें टाल दिया गया। उनका आरोप है कि केंद्र के कर्मचारियों ने इलाज के नाम पर सुरेन्द्र को प्रताड़ित किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और अंततः उसकी मौत हो गई। परिवार ने इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, नशामुक्ति केंद्र के संचालक ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि युवक को आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी जा रही थी और उसकी मौत अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र में सभी नियमों का पालन किया जाता है और किसी प्रकार की प्रताड़ना नहीं की जाती।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button