छत्तीसगढ़

CG Crime News- जब अंधविश्वास बना मौत की वजह: बच्चों की बीमारी के बाद उठा खौफनाक कदम, जादू-टोने के शक में महिला को उतारा मौत के घाट…..

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने शनिवार को जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी छंदनू राम को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान फूलमइत बाई (71) के रूप में हुई है, जो कि गितारीपानी गांव में अकेली रहती थी। वहीं आरोपी की पहचान छंदनू राम (31) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छंदनू राम के बच्चे अक्सर बीमार रहते हैं, जिसके चलते छंदनू फूलमइत पर जादू टोने का शक करता था।

कब और कैसे की हत्या ?

शनिवार को जब फूलमइत बाई खाना खाकर सो रही थी, तभी आरोपी छंदनू उसके घर में घुस आया और उसके चेहरे और सिर में डंडे से कई वार किए। इस घटना में फूलमइत बाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और सूचना मिलते ही पुलिस की टीम एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार और एसडीओपी दिलीप कोसले के मार्गदर्शन में मौके पर पहुंची।

SDOP ने मामले में क्या कहा ?

पुलिस की टीम ने सबसे पहले बुजुर्ग महिला के शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। SDOP दिलीप कोसले का इस मामले में कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।

हत्या पर कौन सी धारा लगती है ?

भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। इसके तहत आरोपी को मृत्यूदंड या आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button