CG – Reel बाज कांस्टेबल : पुलिस वाले को पत्नी के साथ रील पर ठुमके लगाना पड़ा भारी, SSP दी ये सजा…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक आरक्षक ने वर्दी में ही छत्तीसगढ़ी गाने पर रील बना डाला। अब वायरल हुए रील पर गाज गिरी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक देवानंद कैवर्त मस्तूरी थाना में पदस्थ था। उसने पुलिस की वर्दी पहनकर एक रील बनाई, जिसे बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दिया गया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो में आरक्षक का आचरण पुलिस विभाग की गरिमा के अनुरूप नहीं माना गया। इसे वर्दी के दुरुपयोग और अशोभनीय व्यवहार की श्रेणी में रखा गया। जैसे ही यह मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया, तत्काल कार्रवाई करते हुए एसएसपी ने आरक्षक को लाइन अटैच करने का आदेश जारी कर दिया।
पुलिस विभाग के नियमों के अनुसार, वर्दी में रहते हुए किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या व्यक्तिगत प्रचार-प्रसार करना सख्त रूप से प्रतिबंधित है। वर्दी न केवल अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक होती है, बल्कि यह आम जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा का भाव भी पैदा करती है। ऐसे में वर्दी का दुरुपयोग विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है।



