धमतरी

जिला धमतरी में 35 स्कूलों में लघु निर्माण कार्यों हेतु 2.97 करोड़ रुपये की स्वीकृति…

धमतरी…संचालक लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला धमतरी अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु लघु निर्माण कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 97 लाख 38 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस अंतर्गत जिले के कुल 35 शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में प्रार्थना शेड, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, टीन शेड एवं शाला मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे। इसमें धमतरी के 23, नगरी के 8 और कुरूद के 4 स्कूल शामिल है ।

कार्यालय कलेक्टर से जारी आदेश के अनुसार संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच को निर्माण एजेंसी तथा संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। वहीं शहरी क्षेत्र के विद्यालयों के लिए नगर पालिक निगम धमतरी को निर्माण एवं क्रियान्वयन एजेंसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस योजना के तहत विशेष रूप से विद्यार्थियों के लिए प्रार्थना शेड निर्माण, अतिरिक्त कक्षों की उपलब्धता तथा विद्यालय भवनों की मरम्मत पर जोर दिया गया है, जिससे शिक्षण वातावरण बेहतर हो सके। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल निर्धारित प्रयोजन हेतु ही किया जाए तथा कार्य प्रारंभ से पूर्व एवं दौरान आवश्यक जानकारी और फोटोग्राफ जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किए जाएं।

इसके अलावा सभी निर्माण स्थलों पर सूचना पट्ट स्थापित करना अनिवार्य किया गया है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। जिला प्रशासन द्वारा इस पहल को शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि होगी।

Related Articles

Back to top button