अन्य ख़बरें

धमतरी में गौ-तस्करी का पर्दाफाश, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में मिले 13 गौवंश,एक बछड़े की मौत,दो आरोपी गिरफ्तार

मगरलोड में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले दो पिकअप वाहन, 6 लाख रुपये के वाहन जब्त; 12 जीवित गौवंशों को गौशाला में कराया गया सुरक्षित पुनर्वास

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गौवंशों के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के मामले में मगरलोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम भोथा से ग्राम डोनर जाने वाले कच्चे मार्ग पर नाका के पास दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़े दो चारपहिया वाहनों से कुल 13 गौवंश बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तस्करी में कथित रूप से प्रयुक्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।

ठूंस-ठूंसकर भरे थे गौवंश, एक बछड़े की मौत

पुलिस के मुताबिक, थाना मगरलोड को सूचना मिली थी कि ग्राम भोथा से ग्राम डोनर जाने वाले कच्चे मार्ग पर दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में लावारिस खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों एवं गवाहों की मौजूदगी में वाहनों की तलाशी ली।

जांच के दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली टाटा योद्धा 1700 के डाले में 7 गौवंश, जबकि दूसरी बोलेरो मैक्स पिकअप में 6 गौवंश मिले। पुलिस के अनुसार, सभी मवेशियों को बिना चारा-पानी के अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। परिवहन के दौरान दम घुटने और दुर्घटना के कारण एक बछड़े की मौत हो गई थी।

12 गौवंशों को सुरक्षित गौशाला भेजा गया

घटना के बाद पुलिस ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर सभी 12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत बछड़े का भी नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया।

इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका कुरूद के काऊ कैचर वाहन की सहायता से सभी 12 जीवित गौवंशों को गुरु गायत्री गौशाला समिति, ग्राम हाथबाय, जिला गरियाबंद में सुरक्षित पुनर्वासित कराया गया।

दस्तावेजों की जांच के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने वाहनों के संबंध में आरटीओ कार्यालय से जानकारी जुटाई और उनके मूल स्वामियों को तलब किया। धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर वाहन संबंधी दस्तावेज एवं किरायानामा जब्त किए गए। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों वाहन चालकों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है

1. मधु शंकर लहरे (26 वर्ष), निवासी ग्राम पाईकभांठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी।

2. अजय बंजारे (22 वर्ष), निवासी ग्राम पाईकभांठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी।

6 लाख रुपये के वाहन जब्त

मगरलोड पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक टाटा योद्धा 1700 और एक बोलेरो मैक्स पिकअप जब्त की है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत 3-3 लाख रुपये, यानी कुल 6 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 13 गौवंश बरामद किए गए, जिनमें 12 जीवित और एक मृत बछड़ा शामिल है।

पुलिस ने थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 195/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है,गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गौ-तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में गौ-तस्करी, अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button