CG प्रोफेसर पति-पत्नी के इकलौते बेटे ने की आत्महत्या : राधा-कृष्ण मंदिर के पास इस हाल में मिला युवक, माता-पिता की तबीयत बिगड़ी……

बिलासपुर। जिले से आत्महत्या का मामला सामने आया है। जहां सेंट्रल यूनिवर्सिटी व जीडीसी में पदस्थ प्रोफेसर दंपती के इकलौते बेटे ने जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक यश वर्धन सिंह ठाकुर जीजीयू में इंजीनियरिंग का छात्र था। वह लोधीपारा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सायनाइड पॉइजन खाने की बात बताई जा रही है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
मृतक यश वर्धन सिंह ठाकुर इलेक्ट्रानिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन में सेकेंड ईयर का छात्र है। पिता संतोष सिंह ठाकुर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय और मां किरण सिंह ठाकुर शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्रोफेसर हैं। दोनों घर पर ही थे। उनका बेटा यश वर्धन काफी देर तक घर नहीं आया था। शाम को उसने अपनी मां से बात की तो उन्हें वह डिप्रेशन में लगा।
इसके बाद दोनों ने जीजीयू के गार्ड व उसके दोस्तों की मदद से बेटे को ढूंढना शुरू किया। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि यश वर्धन लोधीपारा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास अचेत अवस्था में मिला है। दोस्तों ने उसे अपोलो अस्पताल ले जाने की बात कही। दोनों सीधे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें सीधे बेटे की मौत की खबर मिली। इसके बाद से माता-पिता की तबीयत भी बिगड़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही जीजीयू और जीडीसी के साथी प्रोफेसर अपोलो अस्पताल पहुंच गए। अपने सहकर्मी के इकलौते बेटे को खोने के दर्द से प्रोफेसरों की आंखें भी नम थी। मृतक के माता-पिता का रो-रोक कर बुरा हाल था। साथी प्रोफेसरों ने ही अस्पताल की औपचारिकताओं को पूरा किया।अस्पताली मेमोरेंडम के बाद सरकंडा पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



