छत्तीसगढ़

गाँव चलो-घर चलो अभियान: पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने किया जनसंपर्क, 1.97 करोड़ के पुल निर्माण का भूमिपूजन।

पंडरिया/ पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने आज गाँव चलो-घर चलो अभियान के तहत जनसंपर्क किया तथा ग्राम मलकछरा से ग्राम गुढ़ा के मध्य प्रस्तावित 45 मीटर वृहद् पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस पुल का निर्माण लगभग 1 करोड़ 97 लाख 45 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
यह पुल मलकछरा,गुढ़ा सहित आसपास के अनेक गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। विशेष रूप से बारिश के मौसम में आवागमन बाधित होने की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और बारहमासी सड़क सुविधा सुनिश्चित होगी। साथ ही शिक्षा,स्वास्थ्य, व्यापार एवं आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच भी सुगम हो सकेगी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह पुल क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सड़क, पुल,भवन,स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं। यह पुल भी उसी विकास श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विधायक ने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को नई गति मिली है। पंडरिया विधानसभा में सड़कों का विस्तार,सिंचाई परियोजनाएं,पेयजल योजनाएं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।

इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने ग्राम दुल्लापुर में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लिया और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि,गाँव चलो अभियान का उद्देश्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button