सांसद संतोष पांडेय का बोड़ला क्षेत्र दौरा,विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन।

कवर्धा/क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने बोड़ला ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की।
दौरे के दौरान सांसद ने ग्राम लेंजाखार में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही शर्मा परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात वनांचल ग्राम मगरवाड़ा में सांसद निधि से स्वीकृत 5 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन भी किया।
सांसद पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सभी क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास हो रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सभी वर्गों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं,जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में नक्सलवाद का आतंक था,लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन,केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्थिति में व्यापक सुधार आया है। अब इन क्षेत्रों में शांति का माहौल है और विकास कार्यों को गति मिल रही है।
दौरे के दौरान सांसद पांडेय ग्राम तरेगांव जंगल में भाजपा नेता मनोज नायक के निवास पहुंचे और उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं ग्राम बैजलपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय धीरज मरकाम के निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की एवं परिजनों को ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रामकिंकर वर्मा, जिला उपाध्यक्ष जयराम साहू, जनपद उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, मंडल अध्यक्ष मोहन लाल धुर्वे, सांसद प्रतिनिधि नरेश चंद्रवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
गांव चलो, बस्ती चलो अभियान में सहभागिता
सांसद संतोष पांडेय भाजपा के..गांव चलो,बस्ती चलो..अभियान के अंतर्गत वनांचल ग्राम कुकरापानी भी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। सांसद को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।



