छत्तीसगढ़

गांव चलो अभियान में उसरवाही पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा,चौपाल लगाकर योजनाओं से जोड़ा जनता को।

कवर्धा जिले के सुदूर वनांचल के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम उसरवाही में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने पार्टी द्वारा संचालित..गांव चलो – बस्ती चलो अभियान.. के तहत पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने चौपाल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लाभार्थियों से उनके अनुभव भी साझा किए।

मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए बग्गा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव एवं घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं,साथ ही लाभार्थियों से मिलकर योजनाओं की सफलता की कहानियां भी जान रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन को मजबूत करने और आम जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करने का माध्यम है।

तीन प्रमुख कार्यक्रमों पर फोकस
बग्गा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत तीन प्रमुख गतिविधियां तय की गई हैं—
सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान
योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद
ग्राम उसरवाही में अभियान की शुरुआत मंदिर प्रांगण की सफाई से की गई। इसके बाद क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने में योगदान देने वाले 11 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का श्रीफल एवं पार्टी गमछे से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रेंगाखार मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना,फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना एवं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गजानंद यादव,आईटी सेल जिला संयोजक विजय पाली,दीपक ठाकुर, रमन सिंह,राकेश जायसवाल,सरपंच फाग बाई, लोहारीडीह सरपंच सायन लता साहू,बूथ अध्यक्ष प्रेम लाल श्रीवास,वरिष्ठ कार्यकर्ता जनक राम दानदरे, घनश्याम पंच तिलक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button