छत्तीसगढ़

CG – आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत : तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत, पति व बेटे की हालत नाजुक……

रायगढ़। जिले से सड़क हादसे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान उमा राठिया के रूप में हुई है, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। बताया जा रहा है कि उमा राठिया अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी पर सवार होकर अपने मायके ग्राम सिंघनपुर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि उमा राठिया संतुलन खोकर सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके पति और बच्चा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए और तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम दोनों का इलाज कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हादसे की सूचना मिलते ही भूपदेवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button