जिले में 55 सड़क व 12 वृहद पुल निर्माण का भूमिपूजन, 166 करोड़ की सौगात।

कवर्धा/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना व प्रधानमंत्री जनमन के अंतर्गत स्वीकृत ग्रामीण सड़कों एवं वृहद पुलों के निर्माण कार्यों का वर्चुअल भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर जिले में कुल 55 सड़कों और 12 वृहद पुलों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया, जिनके लिए 166 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने जिले को मिली इस बड़ी सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।
सांसद पांडेय ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।55 सड़कों और 12 वृहद पुलों के निर्माण से जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।
बारहमासी पक्की सड़कों और पुलों के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों के बेहतर नेटवर्क से किसानों को अपनी उपज कृषि मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही जनजातीय और दूरस्थ अंचलों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस चरण में विशेष रूप से आदिवासी, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों की असंबद्ध बस्तियों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,जिससे समग्र और समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके।



