CG Crime News: रिश्तों का कत्ल! जमीन के लिए बड़े भाई ने ली छोटे की जान, अब कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा…..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जमीन विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी थी। हत्याकांड की सुनवाई के बाद कोर्ट ने छोटे भाई मो मौत के घाट उतारने वाले बड़े भाई को उम्र कैद की सजा सुनाई है।
पढ़िए क्या हैं मामला
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी थी। मृतक के बेटे प्रेम साय राठिया ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया, 20 जनवरी 2021 को दोपहर तकरीबन 3 से 4 बजे के बीच वह काम से बाहर गया हुआ था।
घर पर उसके पिता मनबोध राठिया, भतीजा हेम कुमार और अवन्ति राठिया मौजूद थे। इसी दौरान मनबोध राठिया और उसके बड़े भाई सोनसाय राठिया के बीच जमीन बिक्री को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया, आरोपी सोनसाय राठिया ने टांगी से मनबोध के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तत्कालीन उप निरीक्षक चक्र सुदर्शन जायसवाल ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर, गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
आजीवन कारावास और एक हजार रुपये जुर्माना
हत्याकांड की सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायालय घरघोड़ा ने आरोपी सोनसाय राठिया को दोषी ठहराते हुए उम्र कैद की सजा व एक हजार रुपए अर्थदंड लगाया है। मामले में राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने पैरवी की।



