छत्तीसगढ़

CG में बड़ा विमान हादसा: प्राइवेट प्लेन पहाड़ से टकराया…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से इस वक्त एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आरा पहाड़ पर एक निजी विमान क्रैश हो गया है। बताया जा रहा है कि विमान सीधे पहाड़ की चोटी से जा टकराया जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई।

मलबे से उठ रही आग की लपटें, पुलिस बल मौके पर तैनात

मैदानी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा इतना जबरदस्त था कि प्लेन के टकराते ही जोर का धमाका हुआ और दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई देने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग पहाड़ की तरफ दौड़ पड़े। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें विमान का मलबा धूं-धूं कर जलता नजर आ रहा है।

प्रशासनिक अमला अब पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जशपुर एसएसपी लाल उमेंद अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। जिले के आला अधिकारी और नारायणपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रही है ताकि राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। दुर्गम इलाका होने की वजह से टीम को वहां तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस प्राइवेट विमान ने कहां से उड़ान भरी थी और यह कहां जा रहा था। साथ ही इस बात की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि विमान में पायलटों के अलावा कोई अन्य यात्री सवार था या नहीं। फिलहाल प्राथमिकता आग पर काबू पाने और शवों को बाहर निकालने की है। घटनास्थल पर मौजूद लोग बता रहे हैं कि विमान के परखच्चे उड़ चुके हैं और कुछ भी सलामत नहीं बचा है।

आने वाले घंटों में प्रशासन इस पूरे मामले पर अपनी रिपोर्ट जारी कर सकता है। फिलहाल जशपुर के इस इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस अनहोनी से सहमे हुए हैं। हादसे की असल वजह तकनीकी खराबी थी या खराब मौसम, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

Related Articles

Back to top button