CG – भीषण गर्मी के बीच राहतभरी खबर : बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, कुछ इलाकों में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना…..

रायपुर। भीषण गर्मी के बीच राहतभरी खबर है। छत्तीसगढ़ के मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भीषण गर्मी से परेशान हो रहे लोगों को हल्की राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को कुछ इलाकों में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई है। वहीं अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने के आसार हैं। इस दौरान मध्य क्षेत्र में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति से हल्की राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ जगहों पर बारिश हुई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। संभावना है कि अगले दो दिनों में एक-दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलेगी। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने और तेज हवा (40-50 KMPH) चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से तटीय उड़ीसा तक झारखंड तक विस्तारित है। दूसरा उत्तर दक्षिण द्रोणी का मन्नार की खाड़ी से उत्तर अन्दरूनी कर्नाटक तक फैला हुआ है। एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बिहार, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग, बांग्लादेश तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना तथा उत्तर अंदरुनी कर्नाटक तक विस्तारित है. इन मौसम प्रणालियों के कारण आज एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं. एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। दक्षिणी इलाके में वर्षा का मुख्य क्षेत्र रह सकता है।



