छत्तीसगढ़

CG – नौकरानी निकली चोरनी : मालिक के घर से उड़ाए लाखों, ऐसे हुआ मामले का खुलासा……

रायपुर। राजधानी रायपुर में घर में काम करने वाली नौकरानी पर लाखों रुपए चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन ज्वेल अपार्टमेंट में हुई इस घटना ने लोगों को चौंका दिया है। आरोपी नौकरानी घर से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये नगद और एक लॉकर लेकर फरार हो गई थी, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना डॉल्फिन ज्वेल अपार्टमेंट के एक फ्लैट की है, जहां आरोपी प्रिया ढीढी घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। घर की दिनचर्या और सामान की जानकारी होने का फायदा उठाकर उसने मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद जब घर के मालिकों को नकदी और लॉकर गायब होने का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले अपार्टमेंट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी महिला को लॉकर लेकर जाते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित की और उसकी तलाश शुरू की।

लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी प्रिया ढीढी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पूरी नगदी रकम और लॉकर भी बरामद कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए यह वारदात की है।

Related Articles

Back to top button