CG – ठगी का नया तरीका : मेडिकल माॅल के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी ने कारोबारी को ऐसे लगाया चूना, देशभर में फैला है जाल…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में हेल्थ माल के नाम पर 33.20 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठग ने कारोबारी को फ्रेंचाइजी और मुनाफे का लालच देकर चूना लगा दिया। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर अमनदीप पाल, उत्कर्ष कश्यप् और अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़, यूपी, हरियाणा व राजस्थान समेत अन्य राज्यों में अपराध दर्ज है।
जानिए पूरा मामला
दरअलस, प्रतीक साहू ने थाना मौदहापारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कर बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपियों से संपर्क हुआ था। आरेापियों ने खुद को टास्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का संचालक बताते हुए मेडिकल स्टोर, ओपीडी और हेल्थ माॅल खोलने का ऑफर दिया। ठगों ने कहा कि निवेश करने पर कारोबारी को हर महीने दो से सात लाख तक लाभ होगा। साथ ही कुल बिक्री का 12 प्रतिशत लाभांश भी दिया जाएगा। इतना ही नहीं आरोपियों ने कहा कि 18 महीने होने पर निवेश राशि वापस मिलने का आश्वासन भी दिया।
ठगों के झांसे में आकर अलग-अलग 14 ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 33.20 लाख रूपए कंपनी के खाते में जमा कर दिया। इसके बाद 2023 में माॅल शुरू किया गया, लेकिन समय के साथ स्टाफ को वेतन देना बंद कर दिया गया। दवाई और अन्य सामानों की सप्लाई भी रोक दी गई। इसके बाद माॅल बंद हो गया। पीड़ित ने जुलाई 2025 में आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने अपना नंबर बंद कर दिया और पूरी तरह संपर्क तोड़ दिया।
आरोपियों की हरकतों से कारोबारी ने खुद को ठगा महसूस किया और इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई। मौदहापारा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही मामले की जांच भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


