CG – 36 घंटे के बाद बैराज में तैरता मिला छात्र का शव, 11वीं की परीक्षा में फेल होने की वजह से उठाया खौफनाक कदम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल…..

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा से एक दुखद घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ जांजगीर जिले के चांपा क्षेत्र के कुदरी बैराज में छलांग लगाने वाले छात्र शिवम का शव बुधवार सुबह 36 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान शंकर नगर चांपा निवासी शिवम साहू (19 वर्ष) पिता संतोष साहू के रूप में हुई है।
मंगलवार शाम तकरीबन चार बजे ऑटो चालक ने पुलिस को सूचना दी थी, एक युवक ने कुदरी बैराज के ऊपर अपना मोबाइल फोन फेंका और इसके बाद नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल गोताखोरों की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया । देर शाम तक बैराज और आसपास के क्षेत्र में युवक की तलाश की जाती रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।
आज स्थानीय लोगों को बैराज में एक युवक का शव पानी के ऊपर तैरते देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। बाद में परिवार के द्वारा युवक की पहचान शिवम साहू के रूप में की गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परीक्षा में फेल होने के बाद था तनाव में
युवक हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम को लेकर मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा में फेल होने के कारण छात्र ने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस का कहना है, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।



