CG – फिर चाकूबाजी से दहला राजधानी का ये इलाका, अधिवक्ता संघ चुनाव से पहले वकील पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में ले जाया गया अस्पताल…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पिछले कुछ समय अपराध का ग्राफ फिर बढ़ने लगा है। एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। राजातालाब स्थित नूरानी चौक के पास अधिवक्ता रमीज खान पर जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि एक नशेड़ी युवक ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक राजातालाब के नूरानी चौक के पास चाकूबाजी की वारदात हुई है, जिसमें अधिवक्ता रमीज खान पर एक के बाद एक 4 जगहों पर चाकू से हमला किया गया है। फिलहाल उन्हें मेकाहारा में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
बता दें कि रायपुर अधिवक्ता संघ के 18 विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। चुनाव के तहत 15 मई को मतदान कराया जाएगा, जबकि 16 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बार चुनाव में 66 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि पिछले चुनाव में 65 उम्मीदवार थे।



