CG – CMO चेंबर बना अखाड़े का मैदान : अकाउंटेंट और इंजीनियर के बीच जमकर हुई हाथापाई, इस बात को लेकर हुआ बवाल…..

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के देवभोग के नगर पंचायत में सीएमओ का चेंबर अखाड़ा बन गया। पंचायत कार्यालय में वेतन भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। नगर पंचायत के सीएमओ कक्ष के अंदर अकाउंटेंट और इंजीनियर के बीच जमकर हाथापाई हुई। घटना के बाद नगर पंचायत कार्यालय में तनाव का माहौल बन गया है और कर्मचारी संगठन भी खुलकर इस विवाद में उतर आए हैं।
बताया जा रहा है कि नगर पंचायत के कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन 1 मई तक जारी नहीं हो पाया था। 7 मई तक भी वेतन भुगतान नहीं होने से नगर पंचायत में पदस्थ इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक नाराज थे। इसी बात को लेकर उन्होंने नगर पंचायत के अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को सीएमओ के कक्ष में चर्चा के लिए बुलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि इंजीनियर के साथ मौजूद कुछ सहयोगियों ने अकाउंटेंट के साथ कथित तौर पर हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर ने भी जवाब में मारपीट की। देखते ही देखते सीएमओ कक्ष विवाद का केंद्र बन गया और वहां अफरा-तफरी मच गई। नगर पंचायत जैसे सरकारी कार्यालय में इस तरह की घटना को लेकर लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद देवभोग पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



